नौकरी नहीं मिली तो भगवान से नाराज हुआ युवक, मंदिर में तोड़ी प्रतिमाएं: रायपुर में छेनी-हथौड़ी से शिवलिंग, हनुमान और साईं बाबा की मूर्तियों को किया क्षतिग्रस्त; CCTV से आरोपी गिरफ्तार

नौकरी नहीं मिली तो भगवान से नाराज हुआ युवक, मंदिर में तोड़ी प्रतिमाएं: रायपुर में छेनी-हथौड़ी से शिवलिंग, हनुमान और साईं बाबा की मूर्तियों को किया क्षतिग्रस्त; CCTV से आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके के पड़ाव स्थित शिव-हनुमान मंदिर में प्रतिमाओं से तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि नौकरी नहीं मिलने से नाराज 42 वर्षीय युवक ने देर रात मंदिर पहुंचकर छेनी और हथौड़ी से भगवान शिव, हनुमानजी और साईं बाबा की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गुढ़ियारी थाना पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को प्रवीण लांजेवर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर परिसर में स्थापित प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। आरोपी की पहचान हेमंत अग्रवाल (42), निवासी मेन बाजार के पास पड़ाव, गुढ़ियारी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेरोजगार था और नौकरी नहीं मिलने से परेशान था। वह मंदिर के पास से अक्सर गुजरता था और कथित तौर पर भगवान से नाराज रहता था।

रात 3 बजे छेनी-हथौड़ी लेकर पहुंचा

पुलिस जांच के मुताबिक, हेमंत को लगता था कि भगवान उसका साथ नहीं दे रहे हैं और उसकी बेरोजगारी दूर नहीं हो रही है। इसी नाराजगी में वह 27 अगस्त की रात करीब 3 बजे घर से छेनी और हथौड़ी लेकर मंदिर पहुंचा। आरोप है कि उसने मंदिर परिसर में स्थापित हनुमानजी, शिवलिंग और साईं बाबा की प्रतिमाओं को छेनी-हथौड़ी से क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात के बाद वह इस्तेमाल किए गए औजार अपने घर ले गया और उन्हें छिपा दिया।

आरोपी की निशानदेही पर औजार बरामद

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घर से घटना में इस्तेमाल की गई छेनी और हथौड़ी बरामद कर ली है। गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के सदस्य भी मंदिर पहुंचे थे। पुलिस ने मामले की जांच आगे जारी रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *