भाजपा का ‘सेवा संकल्प’ अभियान: स्कूलों में ‘विकसित भारत’ पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, 17 सितंबर से एक महीने तक कार्यक्रम

भाजपा का ‘सेवा संकल्प’ अभियान: स्कूलों में ‘विकसित भारत’ पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, 17 सितंबर से एक महीने तक कार्यक्रम

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प’ अभियान चलाएगी। अभियान के तहत बूथ, गांव, शहर और परिवार स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का फोकस सरकारी योजनाओं और मोदी सरकार के सेवा कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय रखने पर रहेगा। अभियान के तहत सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए ‘विकसित भारत’ की संकल्पना और मोदी सरकार के सेवा कार्यों पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भाजपा की योजना इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को विकसित भारत-2047 की अवधारणा से जोड़ने की है। शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा संकल्प’ अभियान को लेकर प्रदेशस्तरीय कार्यशाला हुई। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने कहा कि अभियान केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े व्यापक जनअभियान के रूप में चलाया जाएगा। उन्होंने गांव, शहर, बूथ और परिवार स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यशाला में संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि भाजपा हर वर्ष ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती रही है, लेकिन इस बार अभियान का दायरा अधिक व्यापक रखा गया है। कार्यशाला में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

सीएम बोले- योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के समय नरेंद्र मोदी प्रदेश भाजपा के प्रभारी थे। उस दौरान उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के विकास के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं को स्वीकृति दे रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से ‘सेवा संकल्प’ अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने का आह्वान किया।

25 साल के सार्वजनिक जीवन को अभियान से जोड़ रही भाजपा

भाजपा के अनुसार, 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। वर्ष 2026 में उनके सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इनमें करीब 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल शामिल है। पार्टी इस अवधि को सुशासन, स्थिरता और सेवा के अनुभव से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है। इसी क्रम में एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प’ अभियान के दौरान विभिन्न वर्गों के बीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छात्रों के जरिए ‘विकसित भारत-2047’ का संदेश

स्कूलों में आयोजित होने वाली चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं अभियान का एक प्रमुख हिस्सा होंगी। इनमें विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत’ की संकल्पना और मोदी सरकार के सेवा कार्यों पर अपनी बात रखने तथा चित्र बनाने का अवसर मिलेगा। भाजपा का मानना है कि विद्यार्थियों के बीच ऐसी गतिविधियों के जरिए विकसित भारत-2047 की अवधारणा को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकता है। इसके साथ ही अभियान के माध्यम से पार्टी भविष्य की पीढ़ी के बीच अपने विचारों और सरकार की योजनाओं से जुड़ी जानकारी पहुंचाने की कोशिश करेगी।

बस्तर से बूथ तक संगठन को सक्रिय रखने की रणनीति

अभियान का एक प्रमुख फोकस बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बढ़ाने पर भी रहेगा। नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा अभियानों के बाद बदले माहौल में भाजपा इन क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संपर्क और संवाद बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसके साथ ही एक महीने के अभियान को संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं को बूथ तक सक्रिय रखने के अवसर के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं के बीच शिथिलता और गुटबाजी को कम करने तथा अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता पर जोर दे रहा है। छत्तीसगढ़ में अगला विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन भाजपा का यह अभियान संगठन को लगातार चुनावी तैयारियों की स्थिति में बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। बूथ से लेकर परिवार स्तर तक गतिविधियां तय होने से पार्टी कार्यकर्ताओं की जमीनी सक्रियता बढ़ाने पर जोर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *