
5 सितंबर को गुढ़ियारी में होगा 16वां विशाल दही-हांडी उत्सव, कई राज्यों की गोविंदा टोलियां लेंगी हिस्सा
रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में इस बार भव्य दही-हांडी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। 5 सितंबर को अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड पर होने वाले इस आयोजन में दही-हांडी प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाले इस 16वें दही-हांडी उत्सव में विजेता टीम को 15 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति और श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा सहित कई राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। आयोजकों के मुताबिक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत विभिन्न क्षेत्रों से अब तक करीब 26 पुरुष और महिला गोविंदा टोलियों ने पंजीयन कराया है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टीमें प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचेंगी।
पुरुष, महिला और ग्रीस लगे खंभे की होगी प्रतियोगिता
इस बार दही-हांडी उत्सव में तीन अलग-अलग श्रेणियों में मुकाबले होंगे। इनमें पुरुष दही-हांडी, महिला दही-हांडी और ग्रीस लगे खंभे की दही-हांडी प्रतियोगिता शामिल है। ऊंचाई पर टंगी मटकी को फोड़ने के लिए गोविंदा टोलियां टीमवर्क, संतुलन और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है। विजेता टीम को 15 लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ अन्य प्रतिभागी टीमों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी।
बी-प्राक और लखबीर सिंह लक्खा करेंगे प्रस्तुति
दही-हांडी प्रतियोगिता के साथ इस आयोजन में संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रसिद्ध गायक बी-प्राक, भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुतियां देंगी। आयोजकों के अनुसार धार्मिक उत्सव के साथ होने वाले ये कार्यक्रम युवाओं और कृष्ण भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
सुरक्षा के लिए पुलिस, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समिति की ओर से प्रशासन के सहयोग से आयोजन स्थल पर पुलिस बल, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से प्रतियोगिता के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि उत्सव को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
आयोजन को लेकर तैयारियां तेज
समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेन्द्र साहू ने बताया कि दही-हांडी उत्सव को लेकर तैयारियां लगातार जारी हैं। उन्होंने रायपुरवासियों, कृष्ण भक्तों और युवाओं से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की। इस दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम और भगत अग्रवाल सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।