राहुल गांधी जल्द आएंगे बस्तर,पीसीसी चीफ दीपक बैज बोले -जल-जंगल-जमीन और खनिज संसाधनों के मुद्दे पर कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन

राहुल गांधी जल्द आएंगे बस्तर,पीसीसी चीफ दीपक बैज बोले -जल-जंगल-जमीन और खनिज संसाधनों के मुद्दे पर कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन

रायपुर, 30 अगस्त 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द ही बस्तर के दौरे पर आ सकते हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राहुल गांधी के प्रस्तावित बस्तर दौरे की जानकारी देते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन शुरू करने की तैयारी में है। आंदोलन की शुरुआत बस्तर से की जाएगी। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर उन्हें उद्योगपतियों के हाथों सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों में आक्रोश है और विभिन्न क्षेत्रों में आंदोलन भी चल रहे हैं।
प्राकृतिक संसाधनों को लेकर राहुल गांधी चिंतित : बैज
पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लगातार प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को लेकर चिंतित है। बैज के मुताबिक, जनता की आवाज को व्यापक स्तर पर उठाने के लिए जल्द ही प्रदेश स्तर पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
बस्तर से प्रदेशभर में आंदोलन ले जाने की तैयारी
दीपक बैज ने कहा कि प्रस्तावित आंदोलन की शुरुआत बस्तर से होगी और इसके बाद इसे प्रदेश के अन्य हिस्सों तक ले जाया जाएगा। राहुल गांधी के संभावित बस्तर दौरे को भी इस आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि राहुल गांधी के बस्तर दौरे की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और स्थानीय लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी अपना संघर्ष जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *