दुर्ग में स्वाइन फ्लू के 4 नए मरीज मिले: अब तक 17 पॉजिटिव केस, 9 एक्टिव; 7 अस्पताल में भर्ती और 2 का घर पर इलाज

दुर्ग में स्वाइन फ्लू के 4 नए मरीज मिले: अब तक 17 पॉजिटिव केस, 9 एक्टिव; 7 अस्पताल में भर्ती और 2 का घर पर इलाज

दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा A/H1N1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 1 सितंबर तक 4 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में H1N1 संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 17 हो गई है। वर्तमान में जिले में 9 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 7 मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि 2 मरीज डॉक्टरों की निगरानी में होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल सभी एक्टिव मरीजों की स्थिति सामान्य है।

17 में 9 मरीज एक्टिव

स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक H1N1 के 17 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें 9 मरीज वर्तमान में उपचाराधीन हैं। 7 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 2 मरीजों को घर पर ही आइसोलेशन में रखकर निगरानी की जा रही है। मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों से मिलने वाली जानकारी की निगरानी भी तेज कर दी है। अस्पतालों को नए पॉजिटिव मरीजों की जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

संपर्क में आए लोगों की हो रही ट्रेसिंग

नए मरीजों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी निगरानी की जा रही है। साथ ही पॉजिटिव मरीजों की नियमित स्वास्थ्य स्थिति की भी मॉनिटरिंग की जा रही है। विभाग का उद्देश्य संक्रमण की संभावित कड़ी को समय रहते पहचानना और आगे संक्रमण फैलने की आशंका को कम करना है।

बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सावधानी की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इनमें छोटे बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन वर्गों में इन्फ्लुएंजा संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है, इसलिए शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई है। H1N1 के शुरुआती लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण जैसे हो सकते हैं। बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और सर्दी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है। वहीं बुखार और खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

भीड़भाड़ वाली जगहों पर सतर्कता जरूरी

H1N1 संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली सांस की बूंदों के माध्यम से दूसरे लोगों तक फैल सकता है। ऐसे में बंद और भीड़भाड़ वाली जगहों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों की निगरानी के साथ-साथ उनके संपर्क में आए लोगों पर भी नजर रख रहा है, ताकि जिले में संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *