ऑपरेशन ‘विश्वास’ में दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता — ₹84.77 लाख की नशीली सामग्री जब्त, 100 से अधिक तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन ‘विश्वास’ में दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता — ₹84.77 लाख की नशीली सामग्री जब्त, 100 से अधिक तस्कर गिरफ्तार

नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई, अफीम-हेरोइन के अंतरराज्यीय तस्कर भी आए गिरफ्त में

दुर्ग। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 1 सितंबर से शुरू हुए इस अभियान के दौरान पुलिस ने अब तक ₹84.77 लाख से अधिक मूल्य की नशीली सामग्री जब्त की है। इसमें गांजा, हेरोइन (चिट्टा), अफीम और नशीली दवाओं की बड़ी खेप शामिल है। पुलिस ने इस अवधि में 100 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कई अंतरराज्यीय आरोपी भी शामिल हैं।

22 मामलों में 438 किलो गांजा बरामद

पुलिस के अनुसार, सितंबर माह में 22 अलग-अलग मामलों में 438.748 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। इन मामलों में 22 आरोपी गिरफ्तार हुए, जिनमें 6 आरोपी महाराष्ट्र, ओडिशा और पंजाब से हैं।
थाना कुम्हारी क्षेत्र में पुलिस ने एक कंटेनर से 388 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्कर और ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया। यह दुर्ग पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी मानी जा रही है।

हेरोइन और अफीम के तस्कर भी पुलिस के शिकंजे में

अभियान के दौरान पुलिस ने तीन अलग-अलग हेरोइन तस्करी मामलों में 33 आरोपियों को पकड़ा है।
थाना मोहन नगर क्षेत्र में 246 ग्राम “चिट्टा” के साथ 30 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इस वर्ष जिले में पहली बार अफीम तस्करी के तीन आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े, जिनमें दो पंजाब के निवासी हैं। यह कार्रवाई जिले के लिए उल्लेखनीय मानी जा रही है, क्योंकि अफीम तस्करी के मामले यहां पहले बहुत कम सामने आए थे।

नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद

दुर्ग पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की है। इस अवधि में 28,436 टैबलेट्स और कैप्सूल्स जब्त किए गए हैं। थाना दुर्ग कोतवाली क्षेत्र में अकेले 10,000 से अधिक गोलियाँ बरामद की गईं।
कुख्यात तस्कर वैभव खंडेलवाल से हजारों की संख्या में अल्प्राजोलम की गोलियाँ जब्त की गईं। यह नेटवर्क ऑनलाइन माध्यमों और विभिन्न जिलों तक फैला हुआ था।

एक दिन में 17 प्रकरणों में 19 आरोपी गिरफ्तार

16 सितंबर को पुलिस ने एक ही दिन में 17 एनडीपीएस प्रकरणों में 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इस दौरान 19.531 किलोग्राम गांजा और 106 टैबलेट्स/सीरप जब्त किए गए।
यह संयुक्त कार्रवाई एसीसीयू (ACCU) और थाना स्टाफ की टीमों द्वारा की गई थी।

नशे में प्रयुक्त वाहनों की नीलामी शुरू, पुरानी सामग्री का नष्टीकरण

नशा तस्करी में प्रयुक्त 72 वाहनों को जब्त कर MSTC वेबसाइट के माध्यम से नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई है।साथ ही, 1 सितंबर को पुराने 239 मामलों में जब्त 1620.490 किलोग्राम गांजा, 277.29 ग्राम हेरोइन, 214.398 ग्राम ब्राउन शुगर और 2,73,776 नशीली दवाइयों का विधिवत नष्टीकरण (Disposal) किया गया।

एसपी दुर्ग का स्पष्ट संदेश — “नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस”

एसपी दुर्ग ने कहा कि—जिले में नशाखोरी और अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हमारा उद्देश्य है कि दुर्ग जिला नशामुक्त बने और युवा इस जाल से पूरी तरह बाहर रहें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *