CG Higher Education: 700 सहायक प्राध्यापक भर्ती में तेजी के निर्देश, 595 पदों की सीधी भर्ती जल्द पूरी करने मंत्री टंकराम वर्मा ने दिए निर्देश

CG Higher Education: 700 सहायक प्राध्यापक भर्ती में तेजी के निर्देश, 595 पदों की सीधी भर्ती जल्द पूरी करने मंत्री टंकराम वर्मा ने दिए निर्देश

रायपुर, 3 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में भर्ती, पदोन्नति एवं न्यायालयीन मामलों में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।समीक्षा बैठक में 700 सहायक प्राध्यापक पदों की भर्ती का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी पर मंत्री ने अधिकारियों से जानकारी लेते हुए इसे जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और महाविद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत हो सके।
595 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती में तेजी के निर्देश
बैठक में 595 रिक्त प्राध्यापक पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। मंत्री टंकराम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि भर्ती एवं पदोन्नति से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रक्रियाओं को पूरा किया जाए।
15 सितंबर तक प्राचार्य पदोन्नति पूरी करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में स्नातक प्राचार्य पदोन्नति की प्रक्रिया की भी जानकारी ली गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पदोन्नति की प्रक्रिया 15 सितंबर तक हर हाल में पूरी की जाए। वहीं, विभाग से संबंधित लंबित न्यायालयीन मामलों के निराकरण के लिए भी समय-सीमा निर्धारित की गई है। अधिकारियों को इन मामलों का 1 अक्टूबर तक निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कम प्रवेश संख्या वाले कॉलेजों पर भी जताई चिंता
मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रदेश के कुछ महाविद्यालयों में कम प्रवेश संख्या को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कम नामांकन वाले कॉलेजों की स्थिति की समीक्षा करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, भर्ती, पदोन्नति, न्यायालयीन प्रकरणों और महाविद्यालयों में प्रवेश की स्थिति की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *