पाटन। जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कांग्रेस नेताओं व सदस्यों द्वारा मीडिया के माध्यम से जनपद अध्यक्ष और सीईओ के बीच मनमुटाव के कारण तीन माह से बैठक नहीं होने के लगाए जा रहे आरोपों का कड़ा खंडन किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस द्वारा फैलाया जा रहा यह भ्रम पूरी तरह तथ्यहीन और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि कांग्रेस अपनी गिरती हुई लोकप्रियता को बचाने के लिए सस्ती राजनीति कर रही है। वास्तविकता यह है कि जनपद पंचायत पाटन की सामान्य सभा की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की गई हैं। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 2025 को अंतिम सामान्य सभा की बैठक संपन्न हुई थी और इसके पूर्व भी बैठकों का क्रम निरंतर बना हुआ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिसंबर माह में बैठक न हो पाने का कारण पूरी तरह प्रशासनिक रहा है। जनपद पंचायत के सीईओ को SIR (Special Intensive Revision) का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था तथा विभाग के अधिकांश अधिकारी इस महत्वपूर्ण कार्य में व्यस्त थे। SIR एक आवश्यक प्रक्रिया है, ताकि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए, इसी कारण इसे प्राथमिकता दी गई।
कीर्ति नायक ने आगे कहा कि जनपद पंचायत की बैठकों में विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति, जनसमस्याओं और प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाती है। दिसंबर माह में बैठक न होने का कारण पूरी तरह स्पष्ट और जायज है। आगामी दिनों में शीघ्र ही सामान्य सभा की बैठक आयोजित कर सभी एजेंडों पर बिंदुवार चर्चा की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जनपद पंचायत पाटन में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और प्रशासन पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है। तथ्यों की जानकारी होने के बावजूद कांग्रेस द्वारा जनता को गुमराह करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।
अंत में उन्होंने कहा कि जनता सब समझती है। विकास बनाम भ्रम की राजनीति में भाजपा पूरी मजबूती से जनता के साथ खड़ी है, जबकि कांग्रेस केवल सुर्खियाँ बटोरने का प्रयास कर रही है।