सेलूद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 128वें संस्करण का प्रसारण रविवार को ग्राम सेलूद में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों की उपस्थिति में सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री वर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के हर नागरिक की भावनाओं, आकांक्षाओं और संकल्पों को नई दिशा देने वाला जनसंचार का सशक्त माध्यम है। यह कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर प्रेरित करता है। भाजपा जिला महामंत्री दिलीप साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों में नई ऊर्जा का संचार किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने आज के संवाद में वोकल फॉर लोकल, G–20 बैठक, नेशनल म्यूजियम, मुंबई में स्वदेशी INS ‘माहे’ का नौसेना में सम्मिलन, ISRO की ड्रोन प्रतियोगिता, खाद्यान्न उत्पादन और संविधान दिवस जैसे अनेक विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
पाटन मंडल अध्यक्ष श्रीमती रानी बंछोर ने कहा कि कार्यक्रम में वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने सहित अनेक ऐतिहासिक व समसामयिक विषयों की जानकारी साझा की गई। उनके अनुसार ‘मन की बात’ देश के वर्तमान, अतीत और भविष्य को जोड़ने वाला प्रेरक संवाद है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा, जिला महामंत्री दिलीप साहू, मंडल अध्यक्ष श्रीमती रानी बंछोर, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष खेमलाल साहू, हरप्रसाद आडिल, टामन साहू, मंडल महामंत्री कृष्ण कुमार साहू, महेश्वर बंछोर, तारेन्द्र बंछोर, केशव बंछोर सहित बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।