सेजेस शिक्षक भर्ती: 34 हजार अभ्यर्थियों की नजर आंसर-की पर, कल दोपहर 12 बजे जारी होगी उत्तर कुंजी

सेजेस शिक्षक भर्ती: 34 हजार अभ्यर्थियों की नजर आंसर-की पर, कल दोपहर 12 बजे जारी होगी उत्तर कुंजी

1812 संविदा पदों के लिए हुई सीबीटी परीक्षा में 28,535 अभ्यर्थी हुए शामिल, 8 नवंबर दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति

रायपुर, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षक भर्ती परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। 1812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट 5 नवंबर को जारी की जाएगी। अभ्यर्थी 8 नवंबर दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार, 26 विषयों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए सीबीटी परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक विभिन्न पालियों में आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 34 हजार 604 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 28 हजार 535 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह परीक्षा में 82.46 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

कल दोपहर 12 बजे से देख सकेंगे अपने उत्तर

4 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी विषयों की रिस्पॉन्स शीट 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट eduportal.cg.nic.in पर अपलोड कर दी जाएगी। अभ्यर्थी अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से अपने दिए गए उत्तरों का मिलान जारी उत्तर कुंजी से कर सकेंगे। परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिया जाएगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की कटौती होगी। वहीं अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं दिया जाएगा।

एक प्रश्न पर 100 रुपये शुल्क, सही आपत्ति पर मिलेगी वापसी

यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी में दिए गए उत्तर पर आपत्ति है, तो वह 5 नवंबर दोपहर 12 बजे से 8 नवंबर दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाए जाने पर संबंधित शुल्क वापस कर दिया जाएगा, जबकि गलत आपत्ति की स्थिति में शुल्क वापस नहीं होगा। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित प्रश्नों के निराकरण के आधार पर अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों में आवश्यक संशोधन किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी तारीखें

  • 5 नवंबर, दोपहर 12 बजे – उत्तर कुंजी एवं रिस्पॉन्स शीट जारी।
  • 5 नवंबर, दोपहर 12 बजे – ऑनलाइन दावा-आपत्ति शुरू।
  • 8 नवंबर, दोपहर 12 बजे – दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम समय सीमा।
  • प्रति प्रश्न आपत्ति शुल्क – 100 रुपये।

वेबसाइट: http://eduportal.cg.nic.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *