पाटन। तहसील साहू संघ पाटन के अंतर्गत आने वाले पाँच परिक्षेत्र — अरसनारा, तेलीगुंडरा, जामगांव-आर, बेल्हारी एवं झीट — के आम चुनावों की तारीखें तय कर दी गई हैं। इस संबंध में मुख्य चुनाव अधिकारी खेमलाल साहू, महासचिव तहसील साहू संघ पाटन ने विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी दी।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अरसनारा परिक्षेत्र में मतदाता सूची का प्रकाशन 4 अक्टूबर को किया जा चुका है। 5 अक्टूबर को नामांकन पत्रों का वितरण, जमा एवं जांच की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी, जिसके उपरांत वैध-अवैध नामांकन पत्रों की घोषणा तथा प्रत्याशियों का परिचय कराया जाएगा। मतदान 7 अक्टूबर को होगा।
तेलीगुंडरा परिक्षेत्र में मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अक्टूबर को, नामांकन 6 अक्टूबर को तथा मतदान 9 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है।
जामगांव-आर परिक्षेत्र में मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर को, नामांकन 8 अक्टूबर को तथा मतदान 11 अक्टूबर को होगा।
बेल्हारी परिक्षेत्र में मतदाता सूची का प्रकाशन 9 अक्टूबर को, नामांकन 10 अक्टूबर को एवं मतदान 13 अक्टूबर को तय किया गया है।
झीट परिक्षेत्र में मतदाता सूची का प्रकाशन 11 अक्टूबर को, नामांकन 12 अक्टूबर को तथा मतदान 15 अक्टूबर को संपन्न होगा। सभी परिक्षेत्रों में मतदान का समय सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहेगा। इसके पश्चात शाम 5:00 बजे से मतगणना प्रारंभ की जाएगी।
इन चुनावों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष (पुरुष एवं महिला) तथा संगठन सचिव (पुरुष एवं महिला) पदों के लिए मतदान होगा। तहसील साहू संघ पाटन द्वारा सभी स्थानों पर चुनाव पर्यवेक्षक, सह-पर्यवेक्षक एवं चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। चुनावी कार्यक्रम की घोषणा के बाद विभिन्न परिक्षेत्रों में साहू समाज के सदस्यों में उत्साह और सक्रियता का वातावरण देखने को मिल रहा है। समाज के वरिष्ठजन एवं युवा वर्ग दोनों ही आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह तैयारियों में जुटे हुए हैं।