रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि इस विजय में छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी की भूमिका बेहद सराहनीय रही है, जिन्होंने फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ के रूप में टीम की फिटनेस और रिकवरी में अभूतपूर्व योगदान दिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा —“आकांक्षा सत्यवंशी ने अपने समर्पण, सेवा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सिद्ध किया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में देश का गौरव बन सकती हैं।”
राज्य सरकार ने आकांक्षा के इस उत्कृष्ट योगदान और विश्व स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए ₹10 लाख की सम्मान राशि प्रदान करने की घोषणा की है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आकांक्षा की सफलता छत्तीसगढ़ की सभी बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। यह उपलब्धि उनके परिश्रम, निष्ठा और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।