अब धमाकों की नहीं, रेडियो की गूंज: दूरस्थ वनांचल छिंदनार में ग्रामीणों ने सुनी प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’

रायपुर, 31 अगस्त 2026। नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बदलते बस्तर की नई तस्वीर लगातार सामने आ रही है। दंतेवाड़ा के सुदूर वनांचल छिंदनार में रविवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जो क्षेत्र में आ रहे बदलाव की कहानी बयां करता है। पूरे देश के साथ छिंदनार के ग्रामीणों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण उत्साहपूर्वक सुना।

छिंदनारवासियों के लिए यह खास अवसर था। पहली बार पूरा गांव प्रधानमंत्री को सुनने के लिए एकत्रित हुआ। ग्रामीणों में प्रधानमंत्री के संदेश को सुनने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने भी ग्रामीणों के साथ बैठकर ‘मन की बात’ सुनी। कुछ समय पहले तक जहां नक्सली हिंसा और धमाकों की आवाज के बीच लोग दहशत में जीवन बिताने को मजबूर थे, वहीं आज उसी क्षेत्र में ग्रामीण शांति और उत्साह के साथ रेडियो पर प्रधानमंत्री का संदेश सुनते नजर आए। यह दृश्य बस्तर में बदलते हालात और लौटती शांति की तस्वीर प्रस्तुत करता है।

‘मन की बात’ सुनने के बाद ग्रामीणों ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देश के लोगों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करता है। कार्यक्रम के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी की पहल की जानकारी मिलती है, जिससे अन्य लोग भी अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित होते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देश की संस्कृति, विरासत और समाजहित में किए जा रहे प्रयासों से लोगों को परिचित कराने के साथ ही विकास में जनभागीदारी की भावना को मजबूत करता है।

छिंदनार में ‘मन की बात’ सुनने के लिए ग्रामीणों का जुटना बस्तर में तेजी से हो रहे बदलावों की एक झलक है। नक्सलवाद के प्रभाव से लंबे समय तक प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब सड़क, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार दूरस्थ और दुर्गम गांवों तक पहुंचकर वर्षों से प्रभावित विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को पुनः गति देने के लिए सक्रियता से काम कर रही है। छिंदनार का यह दृश्य संदेश दे रहा है कि बस्तर में अब डर और धमाकों की जगह शांति, संवाद और विकास की नई गूंज सुनाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *