अस्पताल की पहली मंजिल से कूदा आरक्षक, इलाज के दौरान मौत; हार्ट की सर्जरी से पहले तनाव की बात सामने आई

अस्पताल की पहली मंजिल से कूदा आरक्षक, इलाज के दौरान मौत; हार्ट की सर्जरी से पहले तनाव की बात सामने आई

बालाजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती थे जशपुर के आरक्षक देव नारायण सिंह, पंडरी थाना पुलिस ने शुरू की जांच
रायपुर
। बालाजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती जशपुर के आरक्षक देव नारायण सिंह की शुक्रवार को मौत हो गई। आरक्षक ने गुरुवार को अस्पताल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी थी। गंभीर हालत में उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार देव नारायण सिंह हार्ट संबंधी बीमारी के उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती थे। चिकित्सकों द्वारा उनकी सर्जरी की तैयारी की जा रही थी और दो दिन बाद ऑपरेशन होना था। इसी बीच गुरुवार को उन्होंने अस्पताल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी।

घटना के तत्काल बाद अस्पताल स्टाफ ने उन्हें गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी रहा, लेकिन शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।प्रारंभिक जानकारी में सर्जरी को लेकर आरक्षक के तनाव में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।घटना की सूचना के बाद पंडरी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल के स्टाफ और घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से पहले आरक्षक की मानसिक स्थिति और परिस्थितियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *