
जामगांव आर। दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र में खारुन नदी पर बने ओदरागहन एनीकट में हादसा हो गया। एनीकट पार करते समय काई की वजह से बाइक फिसल गई और बाइक सवार दो युवक नदी में गिर गए। एक युवक ने बाइक पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा तेज बहाव में बह गया। शुक्रवार को SDRF की टीम ने करीब एक दिन बाद युवक का शव बरामद कर लिया। घटना 17 सितंबर की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। दोनों युवक धमतरी जिले के तर्रा गोंदी गांव के रहने वाले थे और विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम देखने ओदरागहन आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों बाइक से ओदरागहन एनीकट के रास्ते खारुन नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक फिसलने से दोनों नदी में जा गिरे।
एनीकट पर बह रहा था करीब एक फीट पानी
बताया गया कि एनीकट के ऊपर करीब एक फीट पानी बह रहा था। पानी की गहराई कम होने के कारण दोनों युवक बाइक से एनीकट पार करने लगे। इसी दौरान एनीकट की सतह पर जमी काई के कारण बाइक अचानक फिसल गई और दोनों का संतुलन बिगड़ गया। बाइक समेत दोनों युवक नदी में गिर गए। हादसे के बाद नदी के तेज बहाव में एक युवक बहने लगा, जबकि दूसरे युवक ने बाइक पकड़ ली और किसी तरह नदी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
देर रात मिली पुलिस और SDRF को सूचना
हादसे की जानकारी मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में बहे युवक की तलाश शुरू की गई। SDRF को भी घटना की सूचना दी गई, लेकिन देर रात होने के कारण रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। इसके बाद 18 सितंबर की सुबह SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान शुरू किया।
डीप डाइविंग कर बरामद किया शव
दुर्ग SDRF के एक्सपर्ट डीप डाइवर राजकुमार यादव और ओंकार ने नदी में उतरकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने डीप डाइविंग के जरिए काफी मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बरामद कर लिया। शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए रानीतराई पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
धमतरी का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार यादव (38), पिता फिरंका यादव, निवासी ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद एनीकट पर काई और पानी के बहाव के बीच बाइक से नदी पार करने को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल भी उठ रहे हैं।