छत्तीसगढ़ के सहकारी बैंकों में 1360 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ: समिति प्रबंधकों के 1162 पद, रायपुर में सबसे ज्यादा 508 वैकेंसी

छत्तीसगढ़ के सहकारी बैंकों में 1360 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ: समिति प्रबंधकों के 1162 पद, रायपुर में सबसे ज्यादा 508 वैकेंसी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहकारी बैंक और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) में जल्द ही बड़े पैमाने पर भर्ती होने जा रही है। प्रदेश के पांच सहकारी बैंक क्षेत्रों में कुल 1360 पदों पर भर्ती की अनुमति दी गई है। इनमें 198 पद जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के हैं, जबकि 1162 पद समिति प्रबंधकों के हैं। क्षेत्रवार बात करें तो सबसे ज्यादा 508 पद रायपुर क्षेत्र में भरे जाएंगे। इसके बाद बिलासपुर में 444, बस्तर-जगदलपुर में 187, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 और रायगढ़ में 67 पद शामिल हैं।

समिति प्रबंधकों के 1162 पदों पर होगी भर्ती

भर्ती में सबसे बड़ा हिस्सा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स का है। यहां समिति प्रबंधक के 1162 पद भरे जाएंगे। इनमें 596 पद सीधी भर्ती के जरिए और 566 पद सीमित चयन प्रक्रिया से भरे जाएंगे। सीधी भर्ती वाले पदों के कारण प्रदेश के युवाओं को सहकारी समितियों में नौकरी पाने का बड़ा अवसर मिलेगा। आवेदन और चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की ओर से अलग से जारी की जाएगी।

जिला सहकारी बैंकों में 198 पद

जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में कुल 198 पदों पर भर्ती होगी। इनमें उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक सहित विभिन्न पद शामिल हैं। इन नियुक्तियों से सहकारी बैंकों के तकनीकी, प्रशासनिक और मैदानी कामकाज को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

21 अगस्त की समीक्षा बैठक के बाद प्रक्रिया में तेजी

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 21 अगस्त को विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी बैंकों और समितियों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभिन्न बैंकों से प्राप्त भर्ती प्रस्तावों की जांच की गई और अब 1360 पदों पर भर्ती की अनुमति दी गई है। हालांकि, भर्ती की तारीख और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी अभी जारी नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल पदों को मंजूरी मिलना भर्ती प्रक्रिया की शुरुआती कड़ी माना जा रहा है।

किसानों को भी मिलेगा फायदा

सहकारी बैंक और पैक्स ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को ऋण, खाद-बीज, बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कर्मचारियों की संख्या बढ़ने से किसानों के लोन प्रकरण, दस्तावेज, रिकॉर्ड, लेन-देन और अन्य बैंकिंग सेवाओं के काम में तेजी आने की उम्मीद है। पैक्स के कम्प्यूटरीकरण और डिजिटल बैंकिंग से जुड़े कामों में भी नए कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

सेवा और आरक्षण नियमों के अनुसार होगी भर्ती

भर्ती प्रक्रिया संबंधित कर्मचारी सेवा नियम-2023 और आरक्षण नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी। चयन प्रक्रिया में संबंधित संभागीय संयुक्त पंजीयक को भर्ती-चयन समिति का सदस्य बनाया गया है। विभाग के अनुसार पूरी भर्ती प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट में लंबित विशेष अनुमति याचिका (SLP) के अंतिम आदेश के अधीन रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *