रायपुर। छत्तीसगढ़ वन विभाग में वनरक्षक के 1484 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया ने अब रफ्तार पकड़ ली है। विभाग ने लिखित परीक्षा की तारीख तय कर दी है। वनरक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। शारीरिक मापदंड और शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल 16,762 अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश और भर्ती प्रक्रिया की लगातार समीक्षा के बाद परीक्षा की तारीख निर्धारित की गई है। विभाग ने लंबित मामलों का निराकरण करते हुए परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मंत्री बोले- युवाओं का लंबा इंतजार खत्म
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से वनरक्षक भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे थे। अभ्यर्थी पूरी मेहनत और लगन के साथ परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो और योग्य युवाओं को जल्द रोजगार का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि वनरक्षक की नौकरी केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि प्रदेश के जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। चयनित अभ्यर्थी वन संरक्षण, जैव विविधता और वन्यजीवों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएंगे।
मैदानी स्तर पर वनरक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका
वन विभाग में वनरक्षक मैदानी स्तर पर वन संरक्षण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। जंगलों की निगरानी, अवैध कटाई पर रोक, वन अपराधों की रोकथाम, वन्यजीवों की सुरक्षा और स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय जैसे कार्यों में उनकी प्रमुख भूमिका रहती है। विशेष रूप से नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति और विकास का दायरा बढ़ने के साथ वन प्रबंधन से जुड़े कार्य भी बढ़ रहे हैं। ऐसे क्षेत्रों में विभाग की मैदानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए वनरक्षकों की नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मेरिट के आधार पर होगा चयन
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट के आधार पर संपन्न कराई जाएगी। सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर दिया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश नहीं होगी। लिखित परीक्षा निर्धारित नियमों, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आयोजित की जाएगी।
1484 नियुक्तियों से मजबूत होगी वन विभाग की मैदानी टीम
वनरक्षक के 1484 पदों पर नियुक्ति होने से वन विभाग की मैदानी टीम को मजबूती मिलेगी। इससे वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, जैव विविधता संरक्षण और वन अपराधों की रोकथाम से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। 13 दिसंबर 2026 की परीक्षा तारीख तय होने के बाद 16,762 अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी के लिए स्पष्ट समयसीमा मिल गई है। सरकार का कहना है कि इस भर्ती का उद्देश्य युवाओं को रोजगार का अवसर देने के साथ-साथ प्रदेश की बहुमूल्य वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है।