जामगांव आर कालेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘एक देश, एक चुनाव’ की गूंज, युवा संसद में विद्यार्थियों ने पक्ष-विपक्ष में रखे विचार

जामगांव आर कालेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘एक देश, एक चुनाव’ की गूंज, युवा संसद में विद्यार्थियों ने पक्ष-विपक्ष में रखे विचार

जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में राष्ट्रीय सेवा योजना  के तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। माय भारत  पोर्टल एवं विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस आयोजन में ‘एक देश, एक चुनाव’ विषय पर परिचर्चा हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रिया और प्रशासनिक चुनौतियों को लेकर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की शुरुआत एकता दौड़ के आयोजन के साथ हुई। इसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने ‘एक भारत, अखंड भारत’ के नारों के साथ सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य नीता कुंभारे ने की।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित युवा संसद परिचर्चा का मुख्य विषय ‘एक देश, एक चुनाव’ रहा। परिचर्चा के प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने इस विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने तर्क प्रस्तुत किए। इसके बाद महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं स्टाफ सदस्यों ने भी विषय के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे। परिचर्चा में देश की वर्तमान परिस्थितियों, चुनावों पर होने वाले वित्तीय व्यय, जनमत एवं फीडबैक की भूमिका, प्रशासनिक चुनौतियों तथा बार-बार चुनाव के दौरान लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता के प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने अपने विचारों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर तार्किक ढंग से सोचने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने का अवसर प्रदान किया। पूरी परिचर्चा स्वस्थ, सकारात्मक एवं विचारोत्तेजक वातावरण में संपन्न हुई। परिचर्चा में सक्रिय सहभागिता एवं विचार प्रस्तुत करने के आधार पर छात्राओं में कु. जया रानी साहू एवं कु. मोहिनी विश्वकर्मा का आगामी चरण की प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में अपनी बात तर्कपूर्ण ढंग से रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने तथा राष्ट्रीय विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी चेतना सोनी ने किया। परिचर्चा में मुख्य वक्ता एवं विचार प्रस्तुत करने वालों में राजनीति विज्ञान विभाग प्रमुख ऐश्वर्य ठाकुर, डॉ. अरुणेंद्र तिवारी, रजनीश तिवारी, मनोज यादव, डॉ. लता मार्कण्डेय, मुकेश कठौतिया, प्रियम वैष्णव, मेजराम जोशी एवं मनीष साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *