तीज के रंग में रंगा पाटन, साहू समाज की महिलाओं ने दिखाई छत्तीसगढ़ी संस्कृति की समृद्ध छटा ! 99 इकाइयों की सहभागिता से पाटन में सजा तीज का महापर्व

तीज के रंग में रंगा पाटन, साहू समाज की महिलाओं ने दिखाई छत्तीसगढ़ी संस्कृति की समृद्ध छटा ! 99 इकाइयों की सहभागिता से पाटन में सजा तीज का महापर्व

पाटन। तहसील साहू संघ पाटन के तत्वावधान में महिला प्रकोष्ठ संयोजिका के नेतृत्व में रविवार, 6 सितंबर 2026 को तहसील स्तरीय तीज महोत्सव एवं तीज मिलन समारोह-2026 का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भक्त माता कर्मा एवं नदिया बैल की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। समारोह में पांचों परिक्षेत्र सहित 99 इकाइयों से महिला पदाधिकारियों, सामाजिक बहनों एवं हजारों की संख्या में समाजजनों ने सहभागिता की। समारोह में छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती रामशिला साहू एवं जिला साहू संघ अध्यक्ष नंदलाल साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ महिला संयोजिका श्रीमती दिव्या कलिहारी ने की। विशेष अतिथियों में प्रदेश साहू संघ महिला प्रकोष्ठ की सह-संयोजिका सुश्री शिल्पा साहू, जिला पंचायत सभापति श्रीमती कल्पना नारद साहू, प्रदेश साहू संघ कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती चंद्रिका साहू, जिला साहू संघ उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू साहू, जिला महिला संयोजिका श्रीमती ललेश्वरी साहू तथा जनपद सदस्य पाटन श्रीमती दामिनी राकेश साहू शामिल रहीं।

पारंपरिक खेलों और प्रतियोगिताओं ने बढ़ाई रौनक

स्वागत भाषण तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने दिया। उन्होंने समाज की महिलाओं एवं पुरुषों की बड़ी संख्या में सहभागिता पर बधाई देते हुए कहा कि पांचों परिक्षेत्र और 99 इकाइयों के सहयोग से तीज महोत्सव को भव्य स्वरूप मिला है। महोत्सव में महिलाओं के लिए विभिन्न आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए। छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेल, गीत-संगीत, पारंपरिक व्यंजनों की बगिया तथा भक्त माता कर्मा की चित्रकला प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में तेलीगुंडरा परिक्षेत्र की श्रीमती विभा साहू ने प्रथम स्थान हासिल कर तीज क्वीन का खिताब प्राप्त किया, जबकि बेल्हारी परिक्षेत्र की श्रीमती ज्योति साहू द्वितीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा तीन अन्य प्रतिभागियों को भी तीज क्वीन के रूप में सम्मानित किया गया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक मजबूती को बनाएं प्राथमिकता : डॉ. ममता साहू

मुख्य अतिथि डॉ. ममता साहू ने समाज को आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में सहभागिता प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। समाज को संस्कारवान और मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति को सामाजिक गतिविधियों से जुड़कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि साहू समाज को केवल रोटी-बेटी के संबंधों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रूढ़िवादी परंपराओं से आगे बढ़कर आधुनिक सोच को अपनाने की जरूरत है। शादी-विवाह, मृत्यु संस्कार एवं जन्मोत्सव जैसे आयोजनों में अनावश्यक खर्च को कम करने की आवश्यकता है। उन्होंने विवाह समारोहों में साड़ी आदि उपहारों के अनावश्यक आदान-प्रदान को कम करने की अपील करते हुए आदर्श विवाह को बढ़ावा देने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक मजबूती को समाज की प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती रामशिला साहू, प्रदेश महिला संयोजिका श्रीमती दिव्या कलिहारी, सह-संयोजिका सुश्री शिल्पा साहू एवं जिला पंचायत सभापति श्रीमती कल्पना नारद साहू ने भी संबोधित किया।

छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में संजू साहू के नेतृत्व में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर समाजजनों ने जमकर उत्साह बढ़ाया। महिलाओं की बड़ी भागीदारी और पारंपरिक वेशभूषा ने पूरे आयोजन को छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में संरक्षक अश्वनी साहू, कार्यकारिणी अध्यक्ष दिनेश साहू, उपाध्यक्ष डूलेश्वर साहू, श्रीमती विमला साहू, संगठन सचिव सुरेन्द्र साहू, श्रीमती भूनेश्वरी साहू, महासचिव महेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष गुमान साहू, महिला संयोजिका श्रीमती कोमिन साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती खेमलता साहू ने किया। मीडिया प्रभारी करन साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *