तेलघानी नाका का पुराना ओवरब्रिज 30 सितंबर से होगा बंद, 35 हजार वाहनों का बदलेगा रास्ता; नए ब्रिज और रामनगर अंडरब्रिज पर बढ़ेगा दबाव

तेलघानी नाका का पुराना ओवरब्रिज 30 सितंबर से होगा बंद, 35 हजार वाहनों का बदलेगा रास्ता; नए ब्रिज और रामनगर अंडरब्रिज पर बढ़ेगा दबाव

रायपुर। तेलघानी नाका के करीब चार दशक पुराने और जर्जर ओवरब्रिज को तोड़कर नया बनाया जाएगा। इसके लिए पुराने ब्रिज पर 30 सितंबर से पूरी तरह आवाजाही बंद कर दी जाएगी। ब्रिज बंद होने से रोजाना गुजरने वाले करीब 35 हजार वाहनों का रूट बदल जाएगा। कार और बाइक चालकों को नए ओवरब्रिज और रामनगर अंडरब्रिज से आवाजाही करनी होगी। पुराने ब्रिज के बंद होने का सीधा असर स्टेशन, रामनगर, गुढ़ियारी, कबीर नगर, अशोक नगर, कोटा, शिवानंद नगर और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों पर पड़ेगा। पीक आवर में वैकल्पिक मार्गों और लिंक सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनने की आशंका है। खासकर रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए घर से पहले निकलना पड़ सकता है।

चार साल पहले ही जर्जर घोषित हुआ था ब्रिज

रेलवे ने करीब चार साल पहले ही तेलघानी नाका ओवरब्रिज को जर्जर घोषित कर इसे आवागमन के लिए सुरक्षित नहीं बताया था। इसके बाद रेलवे ने अपने हिस्से के पिलरों की मरम्मत कराई और अतिरिक्त भार व दबाव कम करने के लिए लोहे के सपोर्ट लगाए। भारी वाहनों की आवाजाही पहले ही रोक दी गई थी। हालांकि कार और दोपहिया वाहन अब तक इस ब्रिज से गुजर रहे थे। अब ब्रिज को पूरी तरह बंद कर डिस्मेंटल करने की तैयारी है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 30 सितंबर से आवागमन बंद करने के लिए यातायात विभाग से मंजूरी भी ले ली है।

नए ओवरब्रिज और रामनगर अंडरब्रिज से गुजरेंगे वाहन

पुराना ब्रिज बंद होने के बाद कार और बाइक समेत अन्य हल्के वाहनों को नए ओवरब्रिज और रामनगर अंडरब्रिज की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इससे इन दोनों मार्गों के साथ आसपास की लिंक सड़कों पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। स्टेशन और रामसागरपारा से गुढ़ियारी, कबीर नगर, अशोक नगर, कोटा और शिवानंद नगर की ओर जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। यातायात विभाग को पीक आवर में ट्रैफिक प्रबंधन की अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ सकती है।

रेलवे और पीडब्ल्यूडी मिलकर तैयार करेंगे डिजाइन

तेलघानी नाका ओवरब्रिज का कुछ हिस्सा रेलवे और कुछ हिस्सा पीडब्ल्यूडी के क्षेत्र में आता है। दोनों विभाग संयुक्त सर्वे कर चुके हैं। अब रेलवे अपने हिस्से की ड्राइंग पीडब्ल्यूडी को देगा। इसके बाद दोनों विभागों की ड्राइंग को कंपाइल कर शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद नए ओवरब्रिज का निर्माण शुरू किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी करीब चार साल से नए ब्रिज की तैयारी कर रहा था, लेकिन बजट के अभाव में काम आगे नहीं बढ़ सका। अब नए ओवरब्रिज के लिए शासन से बजट मंजूर हो चुका है।

1 अक्टूबर से बदले रूट से होगी आवाजाही

30 सितंबर को पुराना ओवरब्रिज बंद किए जाने के बाद 1 अक्टूबर से वाहनों की आवाजाही नए निर्धारित मार्गों से होगी। पुराने ब्रिज को बंद करने के बाद उसे चरणबद्ध तरीके से डिस्मेंटल किया जाएगा। इसके बाद नए ओवरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पीडब्ल्यूडी के ब्रिज संभाग के ईई विग्नेश कुमार ने बताया कि जर्जर होने के कारण पुराने तेलघानी नाका ओवरब्रिज को महीने के अंत में बंद किया जाएगा। यातायात विभाग से अनुमति मिल चुकी है। ब्रिज को डिस्मेंटल करने के बाद नए ओवरब्रिज का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा और स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *