रायपुर, 28 अगस्त 2026। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच रायपुर की महिला मोनिका यादव के लापता होने की सूचना सामने आई है। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार रायपुर के महादेव घाट, थाना डी.डी. नगर निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त 2026 से नेपाल प्रवास पर थीं। बाढ़ के बाद से उनका परिजनों से संपर्क टूट गया है।
मोनिका यादव के लापता होने की सूचना के बाद छत्तीसगढ़ सरकार सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर नेपाल गए प्रदेश के नागरिकों की जानकारी जुटाई जा रही है और उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।
लापता मोनिका की तलाश में जुटा प्रशासन
राज्य सरकार संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर मोनिका यादव की सुरक्षित तलाश के प्रयास कर रही है। सरकार की ओर से नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के अन्य नागरिकों की स्थिति की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
परिजनों से सहयोग की अपील
छत्तीसगढ़ सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए अथवा वहां रह रहे प्रदेश के नागरिकों के संबंध में किसी के पास कोई जानकारी हो तो तत्काल प्रशासन के साथ साझा करें। सरकार ने प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। राज्य सरकार ने कहा है कि नेपाल में प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी लगातार जुटाई जा रही है और उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
नेपाल आपदा से संबंधित जानकारी अथवा सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं—
टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
कंट्रोल रूम: 0771-2223471