
जामगांव आर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत बेल्हारी और अकतई में संयुक्त रूप से आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों ग्रामों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के हितग्राहियों सहित गर्भवती माताओं, महिलाओं एवं बच्चों ने सहभागिता की। पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने हितग्राहियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक सुझाव दिए।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके सेवाभावी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थी हितग्राहियों सहित उपस्थित महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़, मटका फोड़ और मोमबत्ती जलाओ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। आयोजन में बेल्हारी सरपंच अमित अग्रवाल, अकतई सरपंच माधुरी निषाद, भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री नंदनी साहू, सचिव कामता पटेल सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अमृता कुर्रे, कुंती बंजारे, पुष्पा चंद्राकर, अनीता अग्रवाल तथा मितानिन निर्मला साहू, आमना बेगम सहित चंदा चक्रधारी, रोहिणी सेंगर, अनीता साहू, तनुजा प्रजापति, पत्रिका साहू, सत्यभामा यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।