भिलाई में निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, चारों निकायों के नेताओं को एक मंच पर जुटाया-चुनाव प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को समझाया जीत का रोडमैप

बूथ स्तर पर जनसंपर्क और सरकार की योजनाओं को पहुंचाने पर जोर

दुर्ग-भिलाई। दिसंबर में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भिलाई में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को भिलाई भाजपा कार्यालय में चारों नगरीय निकाय क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें भिलाई नगर निगम, भिलाई-चरोदा नगर निगम, रिसाली नगर निगम और जामुल नगर पालिका के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को आगामी निकाय चुनाव के लिए संगठन की रणनीति और जमीनी स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। बैठक का मुख्य उद्देश्य चारों निकाय क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार करना रहा। बैठक में चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, नीलू शर्मा, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

विधानसभा और लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को बनाया आधार

चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में दुर्ग संभाग की जनता ने भाजपा को मजबूत समर्थन दिया, जिसके बाद प्रदेश में पार्टी की सरकार बनी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को जनता का भरोसा मिला। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री की गारंटियों को पूरा करने का काम किया जा रहा है। अब विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिले जनसमर्थन को नगरीय निकाय चुनाव में जीत में बदलने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है। सवन्नी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भिलाई निगम में विकास को बनाएगी चुनावी मुद्दा

बैठक में भिलाई नगर निगम के पिछले कार्यकाल को लेकर भी भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा। भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि भिलाई निगम में कांग्रेस को चार बार अवसर मिला, लेकिन शहर में अपेक्षित स्तर पर विकास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि भाजपा अब विकास और शहर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। सवन्नी ने कहा कि प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बाद निकाय में भी भाजपा की सरकार बनने से विकास कार्यों को गति देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार के रूप में जनता के सामने रखने की बात कही।

आरक्षण के बाद तय होगी टिकट की रणनीति

दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के लिए आरक्षण की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पार्टी में टिकट वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी को लेकर चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता एकजुट हैं और आगामी नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी की जीत के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। बैठक के जरिए भाजपा ने चारों निकाय क्षेत्रों के संगठन को चुनावी मोड में लाने के साथ ही बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया। आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से स्थानीय मुद्दों, प्रत्याशी चयन और चुनावी अभियान को लेकर तैयारियां और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *