राहुल गांधी से मुलाकात के बाद रायपुर लौटे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, झीरम घाटी मामले में कानूनी लड़ाई आगे बढ़ाने की तैयारी

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद रायपुर लौटे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, झीरम घाटी मामले में कानूनी लड़ाई आगे बढ़ाने की तैयारी



दीपक बैज, भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव ने दिल्ली में की मुलाकात; शहीदों व पीड़ित परिवारों से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा, आज रायपुर पहुंचेंगे प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत, 27-28 सितंबर को संगठनात्मक बैठकों का दौर
रायपुर, 27 सितंबर 2026। दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रायपुर लौट आए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव समेत अन्य नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। बैठक में झीरम घाटी मामले के साथ शहीदों और पीड़ित परिवारों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। कांग्रेस की ओर से बताया गया कि बैठक करीब 50 मिनट से अधिक चली।

झीरम घाटी मामले में कानूनी पहल पर चर्चा

बैठक के दौरान झीरम घाटी मामले से जुड़े मुद्दे राहुल गांधी के समक्ष रखे गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के मुताबिक, मामले में आगे भी कानूनी लड़ाई जारी रखने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के मार्गदर्शन के आधार पर आगे की कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।
झीरम घाटी मामले को लेकर कांग्रेस इससे पहले भी रायपुर में बैठक कर कानूनी विकल्पों पर चर्चा कर चुकी है। दिल्ली में हुई बैठक के बाद अब इस मामले को लेकर पार्टी स्तर पर आगे की रणनीति और कानूनी प्रक्रिया पर काम किए जाने की बात कही गई है।

रायपुर लौटे वरिष्ठ नेता, संगठन पर रहेगा फोकस

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद दीपक बैज, भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रायपुर लौट आए हैं। दिल्ली बैठक के बाद अब प्रदेश संगठन से जुड़े कार्यक्रमों और आगामी गतिविधियों पर पार्टी का फोकस रहेगा। इसी क्रम में कांग्रेस के नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 27 सितंबर को रायपुर पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है ।

आज पहुंचेंगे सुखदेव भगत

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अनुसार सुखदेव भगत 27 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए कांग्रेस संगठन की ओर से तैयारियां की गई हैं। एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किए जाने की तैयारी है।

27 और 28 सितंबर को संगठनात्मक बैठकों का दौर

प्रदेश प्रभारी के दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संगठनात्मक बैठकों के अलावा राजनीतिक मामलों की समिति, विधायकों और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के साथ बैठकें होंगी। बैठकों में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा प्रदेश स्तर से लेकर विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों से जुड़े विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। पहले प्रदेश प्रभारी का दौरा तीन दिन का बताया गया था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब 27 और 28 सितंबर का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *