भिलाई। सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित लगभग एक किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में असहमति सामने आई है। गणेश मार्केट, सुपेला व्यापारी संघ तथा होलसेल होजियरी रेडीमेड एंड क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सांसद दुर्ग लोकसभा विजय बघेल के सेक्टर-5 स्थित निवास कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित कर परियोजना की उपयोगिता और जनहित के दृष्टिकोण से पुनः समीक्षा कराने की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि सुपेला चौक से गदा चौक तक का मार्ग प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में दुकानें संचालित हैं। लगभग 100 से 150 फीट चौड़ी सड़क होने के कारण वर्तमान में आवागमन में कोई बड़ी समस्या नहीं है। ऐसे में फ्लाईओवर बनने के बाद सर्विस रोड, चौराहों, पार्किंग और आसपास के बाजारों में यातायात प्रभावित होने के साथ स्थानीय व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। व्यापारियों ने मांग की कि निर्माण से पहले स्वतंत्र तकनीकी एवं ट्रैफिक सर्वे कराया जाए और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही फ्लाईओवर बनने के बाद सर्विस रोड, पार्किंग तथा आसपास के बाजारों पर पड़ने वाले प्रभाव, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और ग्राहकों की आवाजाही पर संभावित आर्थिक नुकसान तथा निर्माण अवधि के दौरान होने वाले यातायात अवरोध, धूल और दुर्घटना के जोखिम का भी आकलन किया जाए।
ज्ञापन में प्रभावित व्यापारियों एवं नागरिकों के साथ पारदर्शी जनसुनवाई कराने, परियोजना की डीपीआर एवं तकनीकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा किसी वैकल्पिक यातायात व्यवस्था का अध्ययन किए जाने की जानकारी देने की मांग भी की गई है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, बल्कि बेहतर सड़क और सुगम यातायात व्यवस्था चाहते हैं। उनका कहना है कि विकास ऐसा होना चाहिए, जिसमें जनहित के साथ स्थानीय व्यापार और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए। व्यापारियों के अनुसार इस परियोजना से करीब 500 व्यापारियों के हित प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए फ्लाईओवर की आवश्यकता, उपयोगिता, लागत और वैकल्पिक प्रस्तावों का पुनर्मूल्यांकन जरूरी है।
सांसद ने अधिकारियों से पुनर्विचार के दिए निर्देश
सांसद विजय बघेल ने सुपेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने व्यापारियों की चिंताओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखते हुए प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर पुनर्विचार करने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने सांसद से आग्रह किया कि इस जनहित के मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग एवं प्रशासन के समक्ष उनकी बात मजबूती से रखी जाए। व्यापारियों की प्रमुख मांगों में प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित करना, स्वतंत्र तकनीकी एवं ट्रैफिक सर्वे कराना, प्रभावित व्यापारियों व नागरिकों के साथ खुली जनसुनवाई करना, डीपीआर एवं तकनीकी रिपोर्ट सार्वजनिक करना तथा आवश्यकता प्रमाणित नहीं होने पर परियोजना निरस्त कर उपयुक्त वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर विचार करना शामिल है।