खैरागढ़। दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। महज चार साल के मासूम करण वर्मा और उसकी दो वर्षीय बहन राधिका उर्फ वैशाली की हत्या उनकी ही 13 वर्षीय रिश्ते की बहन ने कर दी। कारण इतना छोटा था कि सुनकर कोई भी सिहर उठे — चार वर्षीय करण ने अपनी बहन से मासूमियत में “चोरनी” कह दिया था। इस पर 13 साल की बालिका ने बदले की ऐसी भयानक साजिश रच डाली, जिसने दो नन्हीं जिंदगियां निगल लीं।
यह दर्दनाक वारदात छुईखदान थाना क्षेत्र के झुरानदी गांव में रविवार को सामने आई। कृषक गजानंद वर्मा और उनकी पत्नी मनीषा वर्मा के बच्चे करण (4) और राधिका (2) घर के बाहर खेल रहे थे, तभी अचानक दोनों लापता हो गए। परिजनों ने गांवभर में खोजबीन की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम गांव के पुराने कुएं से बदबू आने की सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो कुएं में दोनों बच्चों के शव मिले।
ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चों के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। इस दृश्य को देखकर गांव में चीख–पुकार मच गई। माता–पिता बेसुध हो गए और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया। पूछताछ में सामने आया कि रिश्ते की 13 वर्षीय बहन ने “चोरनी” कहने से आहत होकर गुस्से में दोनों मासूमों को बाड़ी के पास बने कुएं में धकेल दिया। नाबालिग आरोपी को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर दिया है।
◆ पुलिस का बयान:
“वारदात में शामिल बालिका नाबालिग है। उसने गुस्से और आक्रोश में घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
◆ गांव में पसरा मातम:
दो मासूमों की हत्या से गांव झुरानदी में मातम पसरा हुआ है। हर आंख नम है, हर होंठ पर एक ही सवाल — “क्या इतनी छोटी उम्र में भी बदले की भावना जन्म ले सकती है?”