17 सितंबर को 25 लाख दीयों से जगमगाएगा रायपुर,मरीन ड्राइव में होगा भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम

17 सितंबर को 25 लाख दीयों से जगमगाएगा रायपुर,मरीन ड्राइव में होगा भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम

मरीन ड्राइव में होगा भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम, सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने नागरिकों से अपील

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को राजधानी रायपुर में भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शहर के मरीन ड्राइव में एक साथ 25 लाख दीप जलाए जाएंगे। शाम 7 बजे होने वाले इस आयोजन में शहर के विभिन्न हिस्सों से नागरिक दीप लेकर शामिल होंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

कलेक्टर ने मरीन ड्राइव पहुंचकर लिया तैयारियों का जायजा

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शनिवार रात मरीन ड्राइव पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आयोजन में आने वाले नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात और आवागमन व्यवस्था के साथ-साथ पार्किंग तथा अन्य जरूरी इंतजामों को बेहतर तरीके से पूरा करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

एक साथ रोशन होंगे 25 लाख दीप

17 सितंबर की शाम रायपुर में लाखों दीप एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस भव्य आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है। नागरिकों से शाम 7 बजे दीप लेकर मरीन ड्राइव पहुंचने और सशक्त रायपुर, सशक्त छत्तीसगढ़ और सशक्त भारत के संकल्प के साथ एक दीप जलाने का आग्रह किया गया है।

अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत कुमार बिश्वरंजन, पुलिस डीसीपी (जोन मध्य) तारकेश्वर पटेल, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा, अपर संचालक जनसंपर्क उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, संयुक्त संचालक जनसंपर्क पवन गुप्ता, एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला, एसडीएम रायपुर नंदकुमार चौबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *