भिलाई। अग्रसेन भवन सेक्टर-6 भिलाई में आज छठवीं राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने दीप प्रज्वलन कर उद्घाटन किया। देशभर से आए प्रतिभागियों ने सामूहिक संगीतमय योगासन प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया। सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाता है। उन्होंने इस प्रतियोगिता को “स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम” बताया।
चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाएँ होंगी। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुँचाना और विश्व स्तर पर इसकी महत्ता को स्थापित करना है। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक रिकेश सेन, प्रदेश कबड्डी संघ अध्यक्ष शशि बघेल, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, योगासन भारत के पदाधिकारी रचित कौशिक, रोहित कौशिक, श्यामलता जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
योगासन भारत के सदस्य शैलेंद्र विशी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर के 32 राज्यों से लगभग 1500 प्रतिभागी, कोच, तकनीकी स्टाफ और टीम मैनेजर शामिल हो रहे हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जयंत विष्णु भारती ने कहा कि भारत सरकार योग के वैश्विक प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर प्रयासरत है और इसी दिशा में यह आयोजन ऐतिहासिक महत्व रखता है। आभार प्रदर्शन डॉ. मेजर सिंह, सचिव छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने किया।
कार्यक्रम में आयोजन समिति के अनूप बंसल, ऋषि अग्रवाल, आनंद जैन, भोजेंद्र साहू, डी.के. देवांगन, खिलेंद्र साहू, धीरेन्द्र वर्मा, संदीप गुप्ता, तिजऊ साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।