रायपुर-आरंग हाईवे पर भीषण टक्कर: डायल-112, बस और कंटेनर भिड़े, थाने के सामने मचा हड़कंप

रायपुर-आरंग हाईवे पर भीषण टक्कर: डायल-112, बस और कंटेनर भिड़े, थाने के सामने मचा हड़कंप

मंदिर हसौद थाना के सामने हुआ हादसा, तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त,हाईवे पर लगा लंबा जाम, राहत की बात—सभी लोग बाल-बाल बचे

रायपुर, 15 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर से लगे रायपुर-आरंग नेशनल हाईवे-53 पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मंदिर हसौद थाना के ठीक सामने पुलिस की डायल-112, एक यात्री बस और कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और वाहन सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि हादसे में तीनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। दुर्घटना मंदिर हसौद थाना के ठीक सामने होने के कारण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की तथा यातायात व्यवस्था संभालते हुए हाईवे पर वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य कराई।

हादसे के कारण नेशनल हाईवे-53 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *