
राजनांदगांव। ग्राम पंचायत सदस्य एसोसिएशन द्वारा 6 सितंबर 2026 को राजनांदगांव जिले में स्वाभिमान संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन से जुड़े पंचायत सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौहान शामिल हुए, जिनका उपस्थित सदस्यों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार शुकतेल तथा राष्ट्रीय संरक्षक रामबृक्ष भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। प्रदेश संयुक्त सचिव अनुजराम निषाद ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
हर जिले में संगठन विस्तार की मुहिम
ग्राम पंचायत सदस्य एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौहान छत्तीसगढ़ के सभी जिलों का दौरा कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और प्रत्येक जिले में संगठन की टीम खड़ी करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। इसी अभियान के तहत राजनांदगांव जिले में भी जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ग्राम पंचायत सदस्यों को एकजुट कर उनके सम्मान, अधिकारों और संगठनात्मक मजबूती के लिए प्रभावी मंच तैयार करना है।
सर्वसम्मति से चुनी गई जिला कार्यकारिणी
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। राकेश साहू को जिला अध्यक्ष, राजू राजपूत एवं श्रीमती शैलेन्द्री सिन्हा को उपाध्यक्ष, श्रीमती चमेली साहू को महासचिव, आशीष साहू को सचिव, अजय कौशिक को कोषाध्यक्ष, रामलाल साहू को मीडिया प्रभारी, ओबी राम साहू को संयोजक तथा श्याम लाल को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों ने स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा ग्राम पंचायत सदस्यों के हितों और सम्मान के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।