रायपुर। रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार के दिन शराब पर ‘बाई वन, गेट वन फ्री’ ऑफर देने को लेकर नया रायपुर स्थित आईपी क्लब विवादों में आ गया है। क्लब ने 9 अगस्त को एक पैग खरीदने पर एक पैग मुफ्त देने का विशेष ऑफर सोशल मीडिया पर प्रचारित किया, जिसके पोस्टर में बड़े अक्षरों में ‘बाई वन, गेट वन फ्री’ लिखा था। यह प्रचार सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप्स से होते हुए बजरंग दल के संज्ञान में पहुंचा।
बजरंग दल के सह संयोजक रवि वाधवानी ने इसे भारतीय संस्कृति और रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार का अपमान बताया। उन्होंने कहा, “रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार है। इस दिन शराब का प्रमोशन हमारी संस्कृति का मजाक उड़ाना है। अगर आयोजन किया गया तो हम इसका विरोध करेंगे।” उन्होंने क्लब संचालकों को आयोजन न करने की चेतावनी भी दी।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि रायपुर में क्लब संचालक लगातार सनातन संस्कृति का मजाक बना रहे हैं। इससे पहले भी सिमर्स क्लब द्वारा ‘फेक वेडिंग’ कार्यक्रम आयोजित कर संस्कृति का अपमान किया गया था, जिसके खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी, हालांकि अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई। संगठन का कहना है कि राजधानी में इस तरह की प्रवृत्ति बढ़ रही है और अब वे इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। फिलहाल, क्लब प्रबंधन की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।