
जनपद सभापति प्रणव शर्मा के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने भिलाई पहुंचकर किया सम्मान, अब बेहतर सुविधाओं के साथ करेंगे अभ्यास
पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम बेन्दरी के कबड्डी खिलाड़ियों ने जनपद पंचायत पाटन के सभापति प्रणव शर्मा के नेतृत्व में सांसद विजय बघेल से मुलाकात कर कबड्डी मैट उपलब्ध कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों का कहना है कि लंबे समय से उचित खेल मैदान और अभ्यास के लिए आवश्यक संसाधनों के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। खिलाड़ियों की मांग पर प्रणव शर्मा ने सांसद विजय बघेल के समक्ष कबड्डी मैट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे सांसद ने गंभीरता से लेते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान की। मैट मिलने से अब खिलाड़ी नियमित और बेहतर तरीके से अभ्यास कर सकेंगे, जिससे उनके प्रदर्शन में और निखार आएगा।
कबड्डी मैट मिलने पर खिलाड़ियों ने खुशी व्यक्त करते हुए भिलाई स्थित सांसद निवास पहुंचकर सांसद विजय बघेल का आभार जताया। इस दौरान ग्राम रवेली के कबड्डी खिलाड़ियों ने भी अपने गांव के लिए कबड्डी मैट उपलब्ध कराने की मांग सांसद के समक्ष रखी। इस अवसर पर प्रशांत शर्मा, ताराचंद वर्मा, रवि साहू, विद्यासागर निषाद, विमल साहू, कामेश, खोमेश्वर, हेमंत, प्रवीन, खिलेश्वर, नमन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं कबड्डी खिलाड़ी उपस्थित रहे।