
जामगांव आर । ग्राम पंचायत धमना में जिला पंचायत निधि से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान मुख्य मार्ग से श्मशान घाट तक सीसी रोड निर्माण, रमसगरा तालाब में पचरीकरण कार्य तथा शेड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू उपस्थित रहीं। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की।
इस अवसर पर सभापति कल्पना साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्षेत्र में लगातार जनहित और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, तालाब और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहभागिता निभाने और कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने की अपील भी की। कार्यक्रम में सरपंच लोकेश महलवार, उपसरपंच लालकुमार साहू, पूर्व सरपंच अंकालू साहू, सेवा सहकारी समिति सुरपा के अध्यक्ष नारद साहू, पंच नरेश मार्कण्डेय, मितानिन हेमा साहू, पंच कोमिन सोनी, दुकालहीन साहू, पोखराज यादव, कुमार साहू, संतलाल ठाकुर, लक्ष्मण सोनवानी, लोमश अग्रवार, गल्लू मार्कण्डेय, धनराज बघेल, बिरेंद्र सोनवानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।