दुर्ग-भिलाई। भिलाई में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता राजू पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में राजू पाल और एक महिला पर पैसों के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया गया था। पुलिस अब फरार महिला आरोपी की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, कोहका हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र निवासी 42 वर्षीय मोहन रामटेके ने 28 मार्च को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मौके से मिले सुसाइड नोट ने मामले को नया मोड़ दे दिया। जांच में सामने आया कि मोहन ने राजू पाल और एक महिला से उधार लिया था, जिसे लेकर दोनों लगातार उस पर दबाव बना रहे थे। सत्यप्रकाश तिवारी (सीएसपी, भिलाई नगर) ने बताया कि सुसाइड नोट और गवाहों के बयान के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी मोहन को पैसे लौटाने के लिए धमका रहे थे और झूठे केस में फंसाने की चेतावनी भी दे रहे थे। लगातार मानसिक दबाव के चलते मोहन ने यह कदम उठाया। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी राजू पाल को गिरफ्तार किया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल दूसरी महिला आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। इधर, घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका भी जताई थी, क्योंकि जिस दिन मोहन ने आत्महत्या की, उसी दिन उसकी मां का अस्पताल में ऑपरेशन होना था। हालांकि पुलिस जांच में हत्या के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं और मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ी प्रताड़ना का सामने आया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आत्महत्या के लिए उकसाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।