CG में 10 हजार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर, रायपुर में 7-8 अक्टूबर को लगेगा राज्यस्तरीय रोजगार मेला

CG में 10 हजार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर, रायपुर में 7-8 अक्टूबर को लगेगा राज्यस्तरीय रोजगार मेला

9,449 पदों पर भर्ती के अवसर, 62 कंपनियां लेंगी हिस्सा; 8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को मिलेंगे ऑफर लेटर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार द्वारा 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से प्रदेश के करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क जारी है, जिससे रिक्तियों की संख्या बढ़ सकती है।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा रोजगार मेले का आयोजन बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। मेले में स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियां भी शामिल होंगी। इसका उद्देश्य शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

10वीं-12वीं से लेकर इंजीनियरिंग और MBA तक के लिए अवसर

रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक तथा MBA और MCA सहित स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए भी विभिन्न पदों पर अवसर उपलब्ध हैं।

तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे पद शामिल हैं। वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के पदों पर भी भर्ती के अवसर होंगे। इसके अलावा बैंकिंग, फाइनेंस, एचआर, नर्सिंग स्टाफ, केयर टेकर, सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर सहित विभिन्न क्षेत्रों में रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।

ये प्रमुख कंपनियां होंगी शामिल

रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक सहित कई कंपनियां शामिल होंगी। इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आईसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट जैसी कंपनियों ने भी रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।

ई-रोजगार पोर्टल पर कर सकेंगे आवेदन

अभ्यर्थी रोजगार मेले में शामिल होने के लिए ई-रोजगार पोर्टल www.erojgar.cg.gov.in पर पंजीयन कर सकते हैं। पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों, पदों की पात्रता और अन्य जानकारी देखकर अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। कंपनियां भी पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देख सकेंगी तथा जरूरत के अनुसार प्रारंभिक चयन प्रक्रिया संचालित कर सकेंगी।

8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को मिलेंगे ऑफर लेटर

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे। रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री ने कहा है कि सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है तथा रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप अवसर दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

पिछले वर्षों में भी हजारों युवाओं का हुआ चयन

रोजगार विभाग के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों तथा प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से कुल 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेलों में 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए। वहीं वर्ष 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप तथा रायपुर, बलौदाबाजार और दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 4,149 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वर्ष 2026 में सितंबर तक राज्य में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 8,878 अभ्यर्थियों के चयन की जानकारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *