छत्तीसगढ़ में रोजगार का बड़ा मंच: पहले दिन 5 हजार से ज्यादा युवाओं का पंजीयन, 3 हजार से अधिक का चयन; आज CM साय बांटेंगे नियुक्ति पत्र

छत्तीसगढ़ में रोजगार का बड़ा मंच: पहले दिन 5 हजार से ज्यादा युवाओं का पंजीयन, 3 हजार से अधिक का चयन; आज CM साय बांटेंगे नियुक्ति पत्र

रायपुर इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले को युवाओं का जबरदस्त रिस्पॉन्स, 85 निजी संस्थानों ने की चयन प्रक्रिया
रायपुर, 8 अक्टूबर 2026।छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले में पहले दिन युवाओं का खासा उत्साह देखने को मिला। रोजगार की तलाश में प्रदेशभर से पहुंचे 5 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया, जबकि निजी संस्थानों की चयन प्रक्रिया में 3 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया।रोजगार मेले में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। मेले में 85 निजी संस्थानों ने अपनी रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया संचालित की। युवाओं ने अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप साक्षात्कार और अन्य चयन प्रक्रियाओं में हिस्सा लिया।

एक मंच पर रोजगारदाता और युवा

राज्य स्तरीय रोजगार मेले का उद्देश्य रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और निजी क्षेत्र के रोजगारदाताओं को एक ही मंच पर लाना है। इससे अभ्यर्थियों को कंपनियों की रिक्तियों की जानकारी प्राप्त करने के साथ सीधे चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिला।

आज चयनित युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित प्रदेश के मंत्रीगण की उपस्थिति में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। पहले दिन ही 3 हजार से अधिक युवाओं के प्रारंभिक चयन के बाद अब उनकी नजर नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम पर है। राज्य स्तरीय रोजगार मेले को युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *