CG में हीरा तस्करी का बड़ा खुलासा ! 63.50 लाख के कच्चे हीरों के साथ तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से आया था ग्राहक तलाशने

गरियाबंद, 25 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हीरा तस्करी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने ओडिशा से आए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 63.50 लाख रुपये मूल्य के 34 नग कच्चे हीरे बरामद किए हैं।
संदिग्ध गतिविधि से खुला मामला
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम नहरगांव के पास एक संदिग्ध व्यक्ति हीरा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर कार्रवाई की।
भागने की कोशिश, मौके पर दबोचा गया
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 34 नग बिना तराशे हुए हीरे बरामद हुए।
कोई वैध दस्तावेज नहीं
पूछताछ के दौरान आरोपी हीरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हीरों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा का रहने वाला है आरोपी
पकड़े गए आरोपी की पहचान बंशी शेट्टी के रूप में हुई है, जो कालाहांडी जिले के भवानीपटना का निवासी है। वह गरियाबंद में हीरों के खरीदार की तलाश में आया था।
बड़े नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब इस पूरे अवैध नेटवर्क की जांच में जुट गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में किन कारोबारियों के माध्यम से ऐसे हीरों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *