शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का बड़ा बयान — प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती को मिली मंजूरी, शिक्षा गुणवत्ता सुधार की दिशा में ऐतिहासिक कदम

रायपुर। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। राज्य के वित्त विभाग ने 5000 शिक्षकों के पदों पर भर्ती की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इस निर्णय की जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई भर्ती से शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मंत्री यादव ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में शिक्षा को राज्य के सर्वांगीण विकास का आधार माना गया है। शिक्षकों की कमी लंबे समय से शिक्षा प्रणाली को प्रभावित कर रही थी। यह भर्ती न केवल स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के हजारों अवसर खोलेगी ।उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और योग्यता आधारित प्रणाली से संचालित किया जाएगा। विशेष ध्यान ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने पर रहेगा, ताकि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिल सके।

मंत्री यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल रिक्त पदों की पूर्ति नहीं, बल्कि एक मजबूत, प्रेरणादायी और सक्षम शिक्षण तंत्र का निर्माण करना है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से उत्साहपूर्वक तैयारी करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *