
भिलाई। सेक्टर-7 स्थित कूर्मि भवन में आयोजित स्वर्गीय रघुवर सिंह चंद्राकर जयंती समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर ही सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि रघुवर सिंह चंद्राकर का संपूर्ण जीवन त्याग, सेवा, शिक्षा और सामाजिक समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।
कमल वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय रघुवर सिंह चंद्राकर ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, संगठन और समाज सुधार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने समाज को एकजुट रहने, शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सेवा-भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उनका व्यक्तित्व सादगी, विनम्रता, दूरदर्शिता और प्रभावी नेतृत्व का अद्भुत संगम था। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से आह्वान किया कि सभी लोग रघुवर सिंह चंद्राकर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और शिक्षा, संस्कार, सामाजिक एकता एवं सेवा के माध्यम से सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि महापुरुष कभी समाप्त नहीं होते, उनके विचार और आदर्श सदैव समाज को नई दिशा देते हैं।
समारोह के दौरान समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए डॉ. पुष्पलता अजय चंद्राकर एवं श्रीमती लीना अखिलेश चंद्राकर को सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अयोध्या चंद्राकर, राधेश्याम चंद्राकर, राम प्रताप चंद्राकर और योगेश्वर चंद्राकर को ‘समाज गौरव सम्मान’ से नवाजा गया। कार्यक्रम का संचालन पवन चंद्राकर ने किया। इस अवसर पर समाज के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष अश्वनी चंद्राकर, प्रदीप चंद्राकर, महासचिव मोरध्वज चंद्राकर, गजेंद्र चंद्राकर, धरमपाल वर्मा, अरुण बघेल, राजेंद्र चंद्राकर, मदन चंद्राकर, नीता चंद्राकर, त्रिलोतमा चंद्राकर, अजय चंद्राकर, महेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।