एकतरफा प्रेम में नर्सिंग छात्रा की निर्मम हत्या, नंबर ब्लॉक करने से नाराज युवक ने पीजी में घुसकर किया हमला

एकतरफा प्रेम में नर्सिंग छात्रा की निर्मम हत्या, नंबर ब्लॉक करने से नाराज युवक ने पीजी में घुसकर किया हमला

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में एकतरफा प्रेम और लगातार पीछा करने का विरोध करने पर 19 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेमेतरा निवासी खुशी साहू, जो भिलाई में किराए के पीजी में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी, की शुक्रवार को एक युवक ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिंटू साहू (24) को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर की है। पुलिस के अनुसार आरोपी बलौदाबाजार निवासी पिंटू साहू छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था। वह पिछले करीब एक महीने से अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे लगातार फोन कर परेशान कर रहा था। परेशान होकर छात्रा ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

कमरे में घुसकर पहले गला दबाया, फिर चाकू से किए कई वार

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, शुक्रवार सुबह आरोपी ने छात्रा को फोन करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उसने छात्रा की सहेली से बात की और उसके पीजी पहुंच गया। उस समय सहेली बाथरूम में थी और खुशी कमरे में अकेली थी। पुलिस के अनुसार कमरे में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पहले खुशी का गला दबाया। जब वह अचेत हो गई तो आरोपी ने चाकू से उसकी पीठ, हाथ और पेट पर कई वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान आरोपी के हाथ में भी चोट आई, जिसके बाद वह घटनास्थल से फरार होकर रायपुर भाग गया।

परिजनों को पहले ही बताई थी प्रताड़ना की बात

जांच में सामने आया है कि खुशी ने करीब एक सप्ताह पहले अपने भाई को बताया था कि एक युवक अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे लगातार परेशान कर रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने दो दिन पहले छात्रा के भाई को भी धमकी दी थी। इसके अलावा उसने उस कैफे संचालक को भी धमकाया था, जहां खुशी पार्ट-टाइम काम करती थी। आरोपी चाहता था कि छात्रा नौकरी छोड़कर उससे शादी करे।

ऑनलाइन मंगवाया था हत्या में इस्तेमाल चाकू

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू ऑनलाइन मंगवाया था। हत्या के बाद वह रायपुर भाग गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मामले के संबंध में विस्तृत खुलासा पुलिस द्वारा किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *