
रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले देश के सबसे बड़े व्यापारिक आयोजन भारत व्यापार महोत्सव के लिए छत्तीसगढ़ में बिजनेस डेलीगेट पंजीयन की शुरुआत हो गई है। इस संबंध में रायपुर स्थित कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न व्यापारिक संगठनों और व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक अपना पंजीयन कराया। बैठक को संबोधित करते हुए कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवानी ने कहा कि इस वर्ष महोत्सव में छत्तीसगढ़ की मजबूत और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी जिलों से व्यापारी, उद्योगपति, स्टार्टअप और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) से जुड़े प्रतिनिधि बड़ी संख्या में इस आयोजन में शामिल होंगे।
अमर पारवानी ने कहा कि भारत व्यापार महोत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देशभर के व्यापार और उद्योग जगत का प्रमुख मंच है। इस आयोजन में उद्योगपति, निर्माता, वितरक, आयात-निर्यात से जुड़े कारोबारी, निवेशक और स्टार्टअप एक साथ आएंगे, जिससे नए व्यापारिक संबंध स्थापित करने और कारोबार के विस्तार के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव में भाग लेने वाले व्यापारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिजनेस नेटवर्किंग, बी-टू-बी बैठकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नई तकनीकों, डिजिटल व्यापार, आयात-निर्यात और वैश्विक बाजार की नवीनतम संभावनाओं की जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर भी प्राप्त होगा।
कैट के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के व्यापारियों, उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों और स्टार्टअप के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिक से अधिक व्यापारियों से महोत्सव में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के उद्योग और व्यापार को नई दिशा मिलेगी। बैठक में भारत व्यापार महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार, जिलावार भागीदारी सुनिश्चित करने, व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के गठन तथा अधिकाधिक पंजीयन कराने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कैट पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस बार छत्तीसगढ़ की भागीदारी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक प्रभावी और उल्लेखनीय रहेगी।