
भाजपा नेता समेत तीन लोगों की हत्या की गुत्थी अब सुलझाएगी केंद्रीय एजेंसी, गृह विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन
रायपुर/कोरिया। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोरिया ट्रिपल मर्डर केस की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच की मंजूरी दे दी है। इस संबंध में गृह विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। लंबे समय से मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
यह सनसनीखेज वारदात 16 जून की रात को कोरिया जिले के नौगईं गांव में हुई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार रेत तस्करी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने भाजपा नेता लल्ला सिंह और उनके परिजनों पर हमला कर दिया। बताया गया कि एक फॉर्च्यूनर वाहन में सवार परिवार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई, जिससे भाजपा नेता लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना के दौरान भाजपा नेता के भाई वीरेंद्र सिंह पर भी फरसे से हमला किया गया। आरोपियों ने उनका गला काट दिया, जिससे उनकी भी मौके पर मौत हो गई। इस निर्मम हत्याकांड से पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया था और मामले ने राजनीतिक व सामाजिक स्तर पर व्यापक चर्चा बटोरी।
पुलिस ने अब तक इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि मृतकों के परिजनों ने स्थानीय पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग की थी। राज्य सरकार की मंजूरी के बाद अब केंद्रीय एजेंसी हत्या की साजिश, रेत तस्करी के एंगल और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच करेगी। सीबीआई जांच शुरू होने के बाद इस चर्चित हत्याकांड में नए खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं पीड़ित परिवार ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की उम्मीद व्यक्त की है।