छत्तीसगढ़ पुलिस के निरीक्षक वैभव मिश्रा ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के तीन इवेंट में किया क्वालिफाई

छत्तीसगढ़ पुलिस के निरीक्षक वैभव मिश्रा ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के तीन इवेंट में किया क्वालिफाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के निरीक्षक वैभव मिश्रा ने निशानेबाजी में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर प्रदेश और पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के तत्वावधान में आयोजित चयन प्रक्रिया के तहत जी. वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप तथा ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में क्वालिफाई कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है।

यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ पुलिस के लगभग 26 वर्षों के इतिहास में पहली बार दर्ज हुई है, जब विभाग का कोई निरीक्षक एक साथ तीन शूटिंग स्पर्धाओं के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित हुआ है। छत्तीसगढ़ राज्य राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित राइफल एवं पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में निरीक्षक वैभव मिश्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल, 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल और 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में क्वालिफिकेशन हासिल किया। लगातार तीन इवेंट में चयन उनके उच्च तकनीकी कौशल, सटीक निशाने और निरंतर अभ्यास का प्रमाण माना जा रहा है।

वर्तमान में रायपुर ग्रामीण में रक्षित निरीक्षक के पद पर पदस्थ वैभव मिश्रा ने पुलिस सेवा की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों के बावजूद नियमित अभ्यास जारी रखा। सीमित समय और कठिन परिस्थितियों के बीच उन्होंने खुद को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अब निरीक्षक वैभव मिश्रा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जी. वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप और ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *