रायपुर/पाटन। स्वच्छता की दिशा में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले छत्तीसगढ़ के शहरों को आज नई दिल्ली में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से सम्मानित किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर राज्य के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के साथ पाटन नगर पंचायत के अध्यक्ष योगेश ‘निक्की’ भाले ने मंच पर सम्मान प्राप्त किया। यह सम्मान स्वच्छ सर्वेक्षण लीग (SSL) 2025 के अंतर्गत उल्लेखनीय स्थान बनाने वाले शहरों को दिया गया।
गौरतलब है कि पाटन नगर पंचायत को यह सम्मान पिछले तीन वर्षों में टॉप 3 में स्थान पाने तथा वर्तमान वर्ष में टॉप 20% शहरों में शामिल होने के आधार पर प्रदान किया गया। पाटन ने स्वच्छता के क्षेत्र में न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि राष्ट्रीय मानचित्र पर भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। इस उपलब्धि पर नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश भाले ने कहा, “यह सम्मान पूरे पाटन की जनता की भागीदारी और हमारी टीम के अथक प्रयासों का परिणाम है। हमने प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप स्वच्छता को सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि जनआंदोलन बनाया है।
इस सम्मान समारोह में अंबिकापुर और विश्रामपुर को भी एसएसएल में स्थान मिलने पर प्रशस्ति प्रदान की गई, वहीं राजधानी रायपुर को ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ के रूप में सम्मानित किया गया, जो आने वाले वर्षों में देश के सबसे स्वच्छ शहरों की श्रेणी में आ सकता है। गुरुवार को नई दिल्ली विज्ञान भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन पर LIVE किया गया, जिसमें देशभर से स्वच्छता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निकायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।