
रायपुर। नकटी मामले में प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में हुई जांच समिति की बैठक में प्रभावित परिवारों की स्थिति, अब तक हुई प्रशासनिक कार्रवाई और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। कांग्रेस ने आंदोलन को तीन चरणों में करने का निर्णय लिया है। पहले चरण में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के आवास का घेराव किया जाएगा। इसके बाद रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के आवास का घेराव किया जाएगा। तीसरे चरण में प्रभावित परिवारों के साथ एयरपोर्ट मार्ग पर चक्काजाम करने की योजना है।
तीन चरणों में आंदोलन की रणनीति
कांग्रेस के मुताबिक प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने तीन चरण तय किए हैं—
पहला चरण: धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के बंगले का घेराव।
दूसरा चरण: रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बंगले का घेराव।
तीसरा चरण: प्रभावित परिवारों के साथ एयरपोर्ट मार्ग पर चक्काजाम।
कांग्रेस की प्रमुख मांगों में प्रभावित परिवारों का उचित पुनर्वास और तोड़े गए मकानों का उचित मुआवजा शामिल है।
कलेक्टर से मुलाकात से राजभवन तक पदयात्रा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नकटी प्रभावितों के मुद्दे को लेकर पार्टी पहले भी कई स्तरों पर आंदोलन कर चुकी है। प्रभावित परिवारों के साथ कलेक्टर से मुलाकात कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए। जनप्रतिनिधियों के आवास और मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी किया गया। इसके अलावा कांग्रेस ने नकटी से राजभवन तक करीब 13 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली थी। इस दौरान राज्यपाल को ज्ञापन और स्मरण पत्र भी सौंपे गए। कांग्रेस का कहना है कि इन प्रयासों के बावजूद प्रभावित परिवारों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
महिलाओं के स्नान स्थल के पास कैमरे लगाने का आरोप
बैठक में नकटी के प्रभावित परिवारों ने महिलाओं के स्नान स्थल के पास कैमरे लगाए जाने का मुद्दा भी उठाया। परिवारों ने आरोप लगाया कि इन कैमरों के जरिए वहां निगरानी की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे गंभीर और आपत्तिजनक मामला बताते हुए कहा कि महिलाओं की निजता और गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने इस मुद्दे को भी आगामी आंदोलन में प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया है।
‘मकान तोड़े, अब पुनर्वास और मुआवजा दें’
कांग्रेस का आरोप है कि नकटी में वर्षों से रह रहे गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए और इसके बाद प्रभावित परिवार पुनर्वास और मुआवजे के लिए भटक रहे हैं। पार्टी ने सरकार से प्रभावित परिवारों को उचित व्यवस्थापन देने और टूटे मकानों का मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। दीपक बैज ने कहा कि नकटी के प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जांच समिति के सदस्य और नकटी मामले से प्रभावित परिवार मौजूद रहे। कांग्रेस के नए आंदोलन की घोषणा के बाद नकटी मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमाने के आसार हैं।