दुर्ग। दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण, शहर व भिलाई नगर इकाइयों ने संयुक्त रूप से जिले के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक और 30 वर्षों तक दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष रहे स्वर्गीय दाऊ वासुदेव चंद्राकर जी की 18वीं पुण्यतिथि श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई। कार्यक्रम की शुरुआत मालवीय नगर चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई, जहाँ बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एकत्र हुए और श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात राजीव भवन दुर्ग में उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके कार्यों व योगदान को याद किया गया।
इन अवसर पर पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि “वासुदेव चंद्राकर जी जिले के ही नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीति के ऐसे चाणक्य थे, जिन्होंने तीन दशकों तक कांग्रेस संगठन को सशक्त नेतृत्व दिया। सत्ता में रहकर भी वे जनहित और किसानों के मुद्दों पर मुखर रहते थे।”पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि “दाऊ जी का संगठन में नेतृत्व और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद उनकी सबसे बड़ी पहचान थी। जब दुर्ग जिले में 11 विधानसभा क्षेत्र हुआ करते थे, तब भी वे हर ब्लॉक और बूथ स्तर के कार्यकर्ता को व्यक्तिगत रूप से जानते थे।”
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि “दाऊ वासुदेव चंद्राकर जी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित जिले के कई नेताओं के राजनीतिक गुरु रहे हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प हम सभी दोहराते हैं।”
कार्यक्रम में पूर्व विधायक बदरुद्दीन कुरैशी, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू, भिलाई जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, विशाल देशमुख सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता नासिर खोखर ने किया और पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महापौर शशि सिन्हा, पूर्व महापौर शंकरलाल ताम्रकार, धीरज बाकलीवाल, जितेन साहू, रीवेंद्र यादव, देवेंद्र देशमुख, संजय कोहले, राजेश यादव, राजकुमार पाली, अजय मिश्रा, प्रदीप चंद्राकर, सुमित घोष, भोला महोबिया, अतुलचंद साहू, नंदकुमार सेन, दुष्यंत देवांगन, ऋषभ जैन, रतना नारामदेव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।