रायपुर में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ यात्रा’, बीजेपी पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप

रायपुर, – देशभर में चल रही कांग्रेस पार्टी की ‘संविधान बचाओ यात्रा’ के तहत गुरुवार को रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी मैदान स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से अंबेडकर चौक तक एक पदयात्रा निकाली। इस यात्रा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा में पूर्व मंत्री डॉ. शिव डहरिया, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। खास बात यह रही कि इस यात्रा में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

डॉ. शिव डहरिया ने इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र और राज्य सरकारों पर हमला करते हुए कहा, “देश का शासन-प्रशासन अब संविधान के अनुरूप नहीं चल रहा है। अनुसूचित जातियों, आदिवासियों और महिलाओं के अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है। संविधानिक मूल्यों की अनदेखी हो रही है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की आवाज़ दबाने के लिए केंद्र सरकार लगातार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। “कांग्रेस पार्टी देशभर के ज़िले और ब्लॉक स्तर पर संविधान की रक्षा के लिए ‘संविधान बचाओ यात्रा’ निकाल रही है,” उन्होंने कहा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि “मोदी सरकार की अधिनायकवादी नीतियों ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। देश की संपत्तियों और संसाधनों को पूंजीपति मित्रों के हाथों सौंपने की साजिश रची जा रही है।”

जातिगत जनगणना पर सरकार के रुख में आए बदलाव को कांग्रेस नेताओं ने अपनी जीत बताया। बैज ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दबाव में आकर जातीय जनगणना कराने का निर्णय लिया है। जो लोग इसे देश तोड़ने की साजिश कहते थे, वही अब इसे मोदी का मास्टरस्ट्रोक बता रहे हैं। इससे भाजपा की दोहरी नीति उजागर हो गई है।”

डॉ. शिव डहरिया ने कहा, “हमारा संविधान सर्वोच्च है और कांग्रेस उसकी रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। भाजपा सांप्रदायिकता और छल के माध्यम से सत्ता में आई है और अब देश व जनता का शोषण कर रही है। लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *