रायपुर में चंगाई सभा को लेकर विवाद, हिंदू संगठनों ने मकान घेरा; धर्मांतरण के आरोपों की पुलिस जांच शुरू

रायपुर में चंगाई सभा को लेकर विवाद, हिंदू संगठनों ने मकान घेरा; धर्मांतरण के आरोपों की पुलिस जांच शुरू

रायपुर। भनपुरी इलाके में शुक्रवार को एक मकान में कथित चंगाई सभा के आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सेंधवा तालाब के पास महतारी चौक स्थित मकान में धार्मिक कार्यक्रम के लिए करीब 25 से 30 लोगों के जुटने की सूचना के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और मकान का घेराव कर दिया। संगठनों ने सभा की आड़ में धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हिंदू संगठनों की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर आयोजन की जांच और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

घर में सभा आयोजित होने की सूचना पर पहुंचे कार्यकर्ता

हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, सुषमा वर्मा और घनश्याम वर्मा के मकान में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की जानकारी मिली थी। बताया गया कि यहां चंगाई सभा का आयोजन किया जा रहा था। सूचना के बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि धार्मिक सभा की आड़ में लोगों का धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस ने शुरू की पूछताछ

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में हिंदू संगठनों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में किस उद्देश्य से सभा आयोजित की गई थी और वहां मौजूद लोगों की भूमिका क्या थी। जांच के दौरान कार्यक्रम में शामिल लोगों के बयान लिए जा सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसीपी ने कहा- जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने बताया कि हिंदू संगठनों की ओर से शिकायत मिली है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और विवेचना जारी है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *