गो सम्मान आह्वान अभियान तेज : 27 अप्रैल को राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

गुंडरदेही। क्षेत्र में चल रहे ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत गौ सेवकों द्वारा व्यापक जनजागरण अभियान संचालित किया जा रहा है। गांव-गांव पहुंचकर गौ भक्त लोगों को अभियान से जोड़ रहे हैं और गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता फैला रहे हैं। अभियान से जुड़े कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से बिना किसी व्यक्तिगत प्रचार के ग्रामीणों के बीच पहुंच रहे हैं। अब तक विकासखंड के लगभग आधे गांवों में यह जनसंपर्क अभियान पूरा किया जा चुका है।

सामाजिक कार्यकर्ता केशव साहू ने बताया कि गौ सेवक घर-घर जाकर पत्रक वितरित कर रहे हैं और ग्रामीणों को 27 अप्रैल को तहसील कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं। इस दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। अभियान देशभर में संत समाज के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रमुख मांगों में गौ माता के संरक्षण के लिए पर्याप्त अनुसंधान और अनुदान की व्यवस्था, देशभर में गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग शामिल है। आयोजकों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सरकार का ध्यान इस दिशा में ठोस कदम उठाने की ओर आकर्षित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *