पाठ्यपुस्तक वितरण योजना के तहत छात्रों को मिला शैक्षणिक सामग्री का लाभ
जामगांव आर। स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट हिंदी एवं इंग्लिश माध्यम विद्यालय बेल्हारी में सोमवार को छत्तीसगढ़ शासन की निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। इस अवसर पर सेजेस के एसएमडीसी अध्यक्ष मनीष चन्द्राकर, पालक समिति के अध्यक्ष महेश साहू, उपाध्यक्ष चेतन साहू एवं विद्यालय के प्राचार्य वाय.के. साहू उपस्थिति रहे। सभी वर्गों के विद्यार्थियों को क्रमबद्ध तरीके से पुस्तकों का वितरण किया गया।
इस दौरान एसएमडीसी अध्यक्ष मनीष चन्द्राकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की यह निःशुल्क पुस्तक वितरण योजना ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होता है और बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से चलती है। विद्यालय के प्राचार्य वाय.के. साहू ने कहा कि शिक्षा वह शक्ति है जो भविष्य का निर्माण करती है। शासन की यह योजना विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और ज्ञानसम्पन्न बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को पढ़ाई में लगन और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी।